Ranchi: सरायकेला के टाउन हॉल में आयोजित आजसू पार्टी की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में पार्टी प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजसू का लक्ष्य केवल चुनावी राजनीति या वोट हासिल करना नहीं, बल्कि झारखंड के नवनिर्माण की मजबूत नींव रखना है। उन्होंने कहा कि राज्य को सही दिशा देने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान शासन के पास विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और माफिया तंत्र हावी है, जिसके खिलाफ आजसू पार्टी 22 जून को धनबाद में स्थापना दिवस के अवसर पर जनाक्रोश मार्च निकालेगी।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। 5 जुलाई को रांची में महिला अधिवेशन और 7-8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। महतो ने बताया कि युवा सम्मेलन के माध्यम से 10 हजार सक्रिय कार्यकर्ताओं को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, रोजगार, विकास, कानून-व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में ओडिशा के क्योंझर से आए सैकड़ों लोगों ने आजसू की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति अपना समर्थन जताया।










