Ranchi: राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवती का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखकर स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव को वाहन से कुचल दिया गया, ताकि मामला सड़क हादसा दिखाई दे।
युवती के बारे में जानकारी जुटा रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तुपुदाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने युवती को इस इलाके में कई बार देखा था, लेकिन उसकी पहचान नहीं जानते। यही वजह है कि पुलिस को मृतका की पहचान करने में परेशानी हो रही है। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का भी रिकॉर्ड खंगाल रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
जांच अधिकारियों का मानना है कि युवती को किसी वाहन से यहां लाया गया हो सकता है। इसी कारण पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध वाहनों और संभावित आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









