Jharkhand: झारखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में सरकार ने एक और अहम कदम बढ़ाया है। राजधानी रांची के लिए मेट्रो रेल परियोजना का संशोधित प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। वहीं, रांची के अलावा जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की तैयारी भी अंतिम चरण में पहुंच रही है।
नगर विकास विभाग के सचिव सुनील कुमार के अनुसार, केंद्र सरकार की ओर से पहले जताई गई तकनीकी आपत्तियों को दूर कर नया प्रस्ताव केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को भेजा गया है। अब इस परियोजना पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद होगा।
Read More: PM Kisan Yojana के तहत आज करोड़ों किसानों को मिलेगा बड़ा तोहफा, ऐसे चेक करें स्टेटस
Jharkhand: कांके से हिनू तक बनेगा पहला मेट्रो रूट
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, रांची मेट्रो का पहला कॉरिडोर लगभग 16 किलोमीटर लंबा होगा। यह रूट कांके से शुरू होकर कांके रोड, कचहरी रोड, फिरायालाल चौक, मेन रोड, डोरंडा होते हुए हिनू तक पहुंचेगा। इससे राजधानी के व्यस्त इलाकों में आवागमन आसान होने के साथ ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होने की उम्मीद है।
भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तैयार हो रहा विस्तृत प्लान
सरकार सिर्फ पहले चरण तक सीमित नहीं रहना चाहती। वर्ष 2033 तक बढ़ने वाले यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए मेट्रो के दूसरे चरण की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है, ताकि शहर के अन्य हिस्सों को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जा सके।
दो बार अटकी थी योजना, अब संशोधित प्रस्ताव पर नजर
रांची मेट्रो परियोजना पहले भी दो बार केंद्र सरकार के पास पहुंची थी, लेकिन तकनीकी और वित्तीय कारणों से मंजूरी नहीं मिल पाई। इस बार राज्य सरकार ने सभी जरूरी सुधार कर संशोधित डीपीआर भेजी है, जिससे परियोजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
चार शहरों में 400 इलेक्ट्रिक बसें उतारने की तैयारी
मेट्रो परियोजना के साथ-साथ झारखंड सरकार रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक शहर में 100-100 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
इन बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और लोगों को बेहतर व पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
केंद्र की मंजूरी मिलते ही शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
फिलहाल मेट्रो और इलेक्ट्रिक बस दोनों योजनाओं की अगली प्रक्रिया केंद्र सरकार की स्वीकृति पर निर्भर है। मंजूरी मिलने के बाद परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम शुरू किया जाएगा।
ये भी देखें: पेपर लीक का दोषी टेलीग्राम था… या सिस्टम? | NEET Paper Leak Explained | NTA | Telegram Ban
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








