Ranchi:राजधानी रांची के हेसाग स्थित पशुपालन भवन में गुरुवार को राज्य स्तरीय खेत बचाओ अभियान सह रबी कर्मशाला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी पी समेत कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी शामिल हुए। कर्मशाला में किसानों तक सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ पहुंचाने के साथ खेतों की उर्वरता बनाए रखने और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
किसानों की खुशहाली के लिए सरकार ला रही नई योजनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि सचिव अबु बकर सिद्दीकी पी ने जिला स्तरीय अधिकारियों से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचे और वे उनका अधिकतम लाभ उठा सकें। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालय तक सीमित न रहकर गांवों और खेतों तक पहुंचने का निर्देश दिया।
खेत बचाओ अभियान और रबी कर्मशाला पर हुई चर्चा
कृषि सचिव ने बताया कि इस वर्ष की कर्मशाला में दो प्रमुख विषयों—खेत बचाओ अभियान और रबी कर्मशाला पर चर्चा की जा रही है। खेतों की उर्वरता और मिट्टी का स्वास्थ्य बनाए रखने, परती भूमि का बेहतर उपयोग करने, उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी जिलों में तालाबों, नहरों और अन्य सिंचाई संसाधनों से जुड़े आंकड़ों को अपडेट करने पर भी जोर दिया। साथ ही, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने और कृषि उत्पादों के लिए बाजार संपर्क मजबूत करने की बात कही।
वहीं, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सीएस दुबे ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को भूमि के स्वास्थ्य और उर्वरता बनाए रखने के प्रति जागरूक करना है, ताकि बेहतर उत्पादन के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने के साथ भूमि संरक्षण पर ध्यान देना भी जरूरी है। कार्यक्रम में मृदा निदेशक विकास कुमार, निदेशक समिति के रमाशंकर प्रसाद, गव्य निदेशक संजीव कुमार समेत कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने भी कृषि विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।








