Koderma: कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहित युवक का शव बंद खदान से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान दशरथ यादव के रूप में हुई है, जो शनिवार सुबह घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
मृतक के मुंह पर हरे रंग का गमछा बंधा हुआ था
परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो चंदवारा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी बीच सूचना मिली कि दशरथ को करियांवां पंचायत के डहुआटोल स्थित खदान की ओर जाते देखा गया था। सूचना के आधार पर परिजन रात में मौके पर पहुंचे, जहां खदान के पास उसका शव पड़ा मिला।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के मुंह पर हरे रंग का गमछा बंधा हुआ था और उसकी बाइक भी घटनास्थल के पास खड़ी मिली। इस स्थिति को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
फोन पर जान से मारने की मिली थी धमकी
मृतक के चाचा पवन यादव ने बताया कि दशरथ पाइपलाइन बिछाने के कार्य की निगरानी करता था। इसी दौरान किसी व्यक्ति से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का दावा है कि घटना से पहले दशरथ को फोन पर जान से मारने की धमकी भी मिली थी।
दशरथ अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और करीब डेढ़ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









