Koderma: कोडरमा जिले मेें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में जमकर सियासी हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। डोमचांच प्रखंड स्थित सीएम प्लस टू हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित इस भव्य सरकारी कार्यक्रम में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब स्थानीय भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव को मंच पर दीप प्रज्वलन के लिए आमंत्रित नहीं किया गया।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की मौजूदगी में हुआ ‘प्रोटोकॉल का उल्लंघन’
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कोडरमा की सांसद सह केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, जिले के उपायुक्त (DC) सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, लेकिन प्रशासनिक चूक कहें या कुछ और, मंच पर केवल चुनिंदा अतिथियों को ही आमंत्रित किया गया और स्थानीय विधायक डॉ. नीरा यादव को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।
यह मेरा व्यक्तिगत अपमान है-भड़कीं विधायक नीरा यादव
मंच से अलग-थलग रखे जाने पर पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक डॉ. नीरा यादव का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने इसे प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन बताते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
नाराज विधायक ने कहा, “मैं पिछले 12 वर्षों से लगातार योग दिवस कार्यक्रमों में हिस्सा ले रही हूँ, लेकिन ऐसा अमर्यादित व्यवहार पहले कभी नहीं हुआ। सरकारी कार्यक्रम होने के बावजूद न तो मंच पर मेरा नाम था और न ही कोई तस्वीर।” उन्होंने इसे अपना व्यक्तिगत अपमान बताते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
पीएम मोदी के सम्मान में नहीं छोड़ा कार्यक्रम
डॉ. नीरा यादव ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि वह इस दुर्व्यवहार से बेहद आहत थीं और कार्यक्रम छोड़कर जा सकती थीं। लेकिन, चूंकि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा एक गरिमामयी राष्ट्रीय आयोजन था, इसलिए उन्होंने केवल कार्यक्रम के सम्मान में वहां रुकना उचित समझा।
हालांकि, उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि वह इस घोर प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधि के अपमान के मामले को विधानसभा और उच्च स्तर पर उठाएंगी। इस हंगामे के कारण कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर तनावपूर्ण माहौल रहा, लेकिन बाद में योगाभ्यास को सामान्य रूप से संपन्न कराया गया।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








