Ramgarh: रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास कोयला लदे ट्रक ने बैंड पार्टी के कलाकारों को ले जा रहे सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान गयी
हादसा इतना भीषण था कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में अनोद कुमार, डेविड करमाली, पप्पू करमाली, पवन करमाली, अशोक डोम, शक्ति डोम, हेमंत कुमार महतो और मनीष कुमार शामिल हैं। भीषण हादसे पर सीएम हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। अशोक डोम और शक्ति डोम सगे भाई थे। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की उठी मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग जाम कर मुआवजे की मांग की। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता नहीं मिली, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









