Ramgarh: रामगढ़ जिले में बुधवार देर रात रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग NH-23 पर एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना बारलौंग के पास हुई, जहां यात्रियों से भरे ऑटो को सामने से आ रही एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला हिस्सा बस के अंदर तक घुस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और करीब आधे घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
मृतकों की पहचान ऑटो चालक और सुकरीगढ़ा निवासी रिया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रिया अपने परिवार के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामगढ़ जा रही थीं। वहीं हादसे में घायल रविरंजन भारती और अमित कुमार पतरातू रेलवे में लोको पायलट हैं। दोनों मुरी से ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रहे थे।
बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. कमलेश्वर प्रसाद ने बताया कि चार मरीजों को एक साथ लाया गया था, जिनमें से दो की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। दो अन्य घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ऑटो को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









