Gumla: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के घोड़ाटांगर सरना टाड़ के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटकता हुआ मिलने से सनसनी मच गई। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले सत्येंद्र उरांव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को घटना की जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जब ग्रामीण अपने-अपने कामों के लिए घर से बाहर निकले, तो सरना टाड़ के पास आम के पेड़ पर एक युवक का शव दुपट्टे के सहारे लटका देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मृतक के परिजनों और स्थानीय घाघरा थाना पुलिस को दी।
शव उतारते वक्त बज रहा था मोबाइल पर गाना
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने जब ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा, तो वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया। मृतक के पिता सघनू उरांव ने बताया कि जिस वक्त सत्येंद्र के शव को फंदे से नीचे उतारा जा रहा था, उस समय भी उसकी जेब में रखे मोबाइल फोन पर गाना बज रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है।
केरल से लौटने के बाद डिप्रेशन और शराब की लत
मृतक के पिता के अनुसार, सत्येंद्र पहले केरल में रहकर मजदूरी का काम करता था। करीब छह महीने पहले ही वह अपने गांव घोड़ाटांगर लौटा था। घर वापसी के बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान था और लगातार अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था।
Read More- कोडरमा में ट्रैक्टर चालक का शव मिलने से हड़कंप, मुर्गा खाने निकला था युवक
शुक्रवार सुबह सत्येंद्र की मुलाकात अपने पिता से गांव में ही हुई थी, जिसके बाद पिता मवेशी चराने चले गए। शाम को जब वे लौटे तो सत्येंद्र घर पर नहीं था। परिजनों को लगा कि वह अमूमन की तरह कहीं गया होगा, लेकिन शनिवार सुबह सीधे उसकी मौत की खबर आई।
Read More- कोडरमा में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना से हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच
हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी
शुरुआती जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर की गई आत्महत्या का मामला मान रही है। घाघरा थाना पुलिस फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









