Delhi-Ranchi IndiGo Flight: टेक्निकल खराबी से 170 यात्री दो घंटे विमान में फंसे, AC बंद होने पर मचा हंगामा
रांची: दिल्ली से रांची आने वाली IndiGo Flight एयरलाइंस की Flight 6E-2614 शुक्रवार को उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इस वजह से विमान में सवार करीब 170 यात्रियों को लगभग दो घंटे तक विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा। सबसे बड़ी परेशानी तब हुई जब विमान का एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम भी बंद हो गया, जिससे केबिन के भीतर भीषण गर्मी और उमस हो गई।
AC बंद होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एयरलाइन की ओर से शुरुआत में यात्रियों को केवल यह बताया गया कि तकनीकी खराबी जल्द ठीक कर ली जाएगी और उड़ान जल्द रवाना होगी। इसी भरोसे पर सभी यात्रियों को विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया।
लेकिन समय बीतने के साथ AC बंद रहने से केबिन का तापमान लगातार बढ़ता गया। कई यात्री सीट की जेब में रखी मैगजीन से खुद को हवा करते नजर आए, जबकि कुछ लोग अपने कपड़ों से हवा कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते रहे। सबसे अधिक दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिला यात्रियों को हुई।
यात्रियों ने किया हंगामा, फिर खोला गया विमान का दरवाजा
करीब दो घंटे तक कोई ठोस समाधान नहीं मिलने और विमान का दरवाजा बंद रहने से यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। नाराज यात्रियों ने क्रू मेंबर्स के सामने विरोध जताया और विमान के अंदर ही हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख इंडिगो कर्मचारियों ने विमान का दरवाजा खोला और सभी यात्रियों को वापस टर्मिनल भवन भेज दिया। इसके बाद तकनीकी खराबी को दूर करने का काम किया गया।
तय समय से साढ़े तीन घंटे देरी से पहुंची रांची
तकनीकी खराबी दूर होने के बाद विमान ने उड़ान भरी और रांची पहुंचा। यह फ्लाइट निर्धारित समय शाम 4:35 बजे की बजाय रात 8:05 बजे रांची पहुंची। हालांकि, इंडिगो के अधिकारियों ने उड़ान में हुई देरी के कारणों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
कोलकाता-रांची IndiGo फ्लाइट भी हुई रद्द
इसी दिन IndiGo एयरलाइंस की कोलकाता-रांची फ्लाइट (6E-57325) भी रद्द कर दी गई। यह फ्लाइट सामान्यतः शाम 4:35 बजे कोलकाता से रवाना होकर 5:45 बजे रांची पहुंचती है। एयरलाइन की ओर से फ्लाइट रद्द किए जाने के पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









