Ranchi Water Shortage: झारखंड की राजधानी रांची के लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। शहर में अगले दो दिनों तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने जानकारी दी है कि जुमार पुल के पास राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत के कारण 1 और 2 जुलाई 2026 को रूक्का शहरी जलापूर्ति योजना से होने वाली सप्लाई बंद रहेगी। इसका असर शहर की करीब 80 प्रतिशत आबादी पर पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: Jharkhand में आज से घर-घर पहुंचेंगे BLO, हर मतदाता को भरना होगा यह फॉर्म, पढ़ें पूरी प्रक्रिया और तारीखें
जुमार पुल के पास होगा पाइपलाइन मरम्मत का काम
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के स्वर्णरेखा शीर्षकार्य प्रमंडल, रांची के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि रूक्का शहरी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत जुमार पुल के समीप राइजिंग पाइपलाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाना है। इस कार्य को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
Ranchi में इन दो दिनों तक बाधित रहेगी जलापूर्ति
विभाग के अनुसार, 1 जुलाई 2026 (बुधवार) और 2 जुलाई 2026 (गुरुवार) को रूक्का जलशोध संस्थान से शहर के अधिकांश इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी। इससे राजधानी के कई मोहल्लों और कॉलोनियों में पेयजल संकट की स्थिति बन सकती है।
लोगों से पहले से पानी जमा करने की अपील
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोनों दिनों की जरूरत को देखते हुए पहले से पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विभाग ने मरम्मत कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।











