Ranchi: भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने जमशेदपुर और आदित्यपुर में पार्टी द्वारा बुलाए गए बंद को ऐतिहासिक और जनता का स्वत:स्फूर्त समर्थन बताया है। उन्होंने दावा किया कि इस बंद को केवल पार्टी नहीं बल्कि आम नागरिकों, व्यापारियों, ठेला-खोमचा वालों और कंपनियों तक का व्यापक समर्थन मिला।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर आयोजित बंद ने यह साबित कर दिया है कि जनता सरकार की नीतियों और बिगड़ती कानून व्यवस्था से नाराज है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि “जनता का प्रतिरोध” है, जिसने सरकार को आईना दिखाने का काम किया है।
सरकार पर गंभीर आरोप
बाउरी ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और “वेंटिलेटर पर है।” उन्होंने दावा किया कि 2019 में सरकार बनने के बाद से ही अपराध और अवैध गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने चाईबासा में हुई एक बड़ी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि तब से अपराधों की श्रृंखला लगातार बढ़ती गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस व्यवस्था कमजोर हुई है और थानों में पदस्थापन से लेकर ट्रांसफर तक में अनियमितता और भ्रष्टाचार की स्थिति बनी है। उनके अनुसार, इससे ईमानदार पुलिसकर्मियों का मनोबल गिरा है और जनता का भरोसा कम हुआ है।
जमशेदपुर घटना पर सवाल
भाजपा नेता ने जमशेदपुर की हालिया घटना को “नृशंस और प्रशासनिक विफलता” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय होती तो एक युवक की जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में नशे का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, खासकर जमशेदपुर और आदित्यपुर में ड्रग्स और ब्राउन शुगर का उपयोग बढ़ा है। बाउरी ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान केवल पोस्टर तक सीमित रह गया है।
राजनीतिक टकराव तेज
भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार और सत्ता पक्ष इस मुद्दे को सोशल मीडिया के जरिए डायवर्ट करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता ने इसे खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में हर उस स्थान पर खड़ी रहेगी जहां जनता के साथ अन्याय होगा।
बाउरी ने मांग की कि जमशेदपुर मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और नशा कारोबार पर सख्त कदम उठाना सरकार की जिम्मेदारी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








