रांची: झारखंड सरकार राज्य में पर्यटन और खेल क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि Eco Tourism, खेल अवसंरचना और राज्य की सांस्कृतिक विरासत का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अंडरग्राउंड कोल माइंस बन सकते हैं नए पर्यटन स्थल
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के बंद या अंडरग्राउंड कोल माइंस क्षेत्रों का सर्वे कर वहां पर्यटन की संभावनाएं तलाशें। उन्होंने कहा कि यदि वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से इन क्षेत्रों का विकास किया जाए तो यह झारखंड की नई पहचान बन सकते हैं।
इसके साथ ही सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, लातेहार, हजारीबाग, रांची समेत उन सभी जिलों में इको टूरिज्म परियोजनाएं विकसित करने की कार्ययोजना जल्द तैयार करने को कहा गया, जहां प्राकृतिक पर्यटन की अच्छी संभावनाएं मौजूद हैं।
झारखंड की नई पर्यटन नीति होगी तैयार
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य की नई पर्यटन नीति तैयार करने का निर्देश भी दिया। उनका कहना था कि झारखंड के प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का योजनाबद्ध विकास कर राज्य को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाई जा सकती है।
उन्होंने पतरातू घाटी में व्यू पॉइंट और रोपवे परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं नेतरहाट में ग्लास ब्रिज या ग्लास वॉच टावर, कोयल व्यू पॉइंट पर कॉटेज, ट्रैकिंग सुविधा, स्विमिंग पूल और लोध फॉल में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा।
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पर बनेगी कार्ययोजना
खेल विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक तंगी के कारण दूसरे काम करने की नौबत नहीं आनी चाहिए। इसके लिए खिलाड़ियों का विस्तृत डेटाबेस तैयार करने और आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं बनाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रखरखाव, वित्तीय प्रबंधन और खिलाड़ियों की सुविधाओं की भी समीक्षा करने को कहा। साथ ही झारखंड में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को देश के प्रमुख खेल प्रशिक्षण केंद्रों का एक्सपोजर विजिट कराया जाए, ताकि उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अनुभव मिल सके।
12 हजार कलाकारों का हो चुका है पंजीकरण
कला एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अब तक करीब 12 हजार कलाकारों का पंजीकरण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में इन कलाकारों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने पंजीकृत कलाकारों को देश के प्रतिष्ठित फाइन आर्ट संस्थानों का भ्रमण कराने तथा अन्य राज्यों के कलाकारों को झारखंड बुलाकर सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र का विकास केवल राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को मजबूत नहीं करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। उन्होंने सभी पर्यटन परियोजनाओं को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, खेल निदेशक छवि रंजन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









