Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में एक बंद कमरे में जलते हुए कोयले के चूल्हे के कारण दम घुटने से एक महिला और उसके ढाई साल के बेटे की मौत हो गई। वहीं, साढ़े तीन साल की बेटी और 17 वर्षीय ननद की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान पिंकी देवी के रुप में हुई है।
बच्चों और ननद के साथ किराये के मकान में रहती थीं महिला
मिली जानकारी के मुताबिक बिहार के छपरा की रहने वाली पिंकी देवी अपने बच्चों और ननद के साथ किराये के मकान में रहती थीं। शुक्रवार रात उन्होंने कोयले के चूल्हे पर खाना बनाया। खाना खाने के बाद गलती से चूल्हे को कमरे से बाहर नहीं निकाला और सभी दरवाजा बंद कर सो गए।
शनिवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर स्थानीय लोगों ने दरवाजा खोला। अंदर सभी बेहोश पड़े मिले, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने पिंकी देवी और उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई गई।
कमरे से कोयले का चूल्हा बरामद
रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो के अनुसार, कमरे से कोयले का चूल्हा बरामद हुआ है। कमरे में वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई और दम घुटने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








