Dumka: दुमका जिले के महुआडंगाल इलाके में शनिवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विवेक राउत के आवास पर छापेमारी की। विवेक राउत झामुमो संस्थापक और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पूर्व पर्सनल सेक्रेटरी रह चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी का नेतृत्व एक प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी ने किया। टीम में 20 से 25 फॉरेस्ट गार्ड, महिला पुलिसकर्मी, नगर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस शामिल थी। अधिकारियों ने घर को चारों तरफ से घेरने के बाद कई घंटों तक हर हिस्से की गहन तलाशी ली।
घर से कोई आपत्तिजनक या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई
हालांकि, छापेमारी किस मामले में की गई और जांच का उद्देश्य क्या था। इस बारे में वन विभाग या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कार्रवाई खत्म होने के बाद स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से लिखित रूप में यह प्रमाणित करने की मांग की कि घर से कोई आपत्तिजनक या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई है।
फिलहाल विभाग की चुप्पी के कारण पूरे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच एजेंसियां इस कार्रवाई को लेकर कब आधिकारिक बयान जारी करती हैं।







