रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज विधानसभा परिसर पहुंचे। हल्के पीले रंग के पारंपरिक कुर्ते में नजर आए मुख्यमंत्री का विधानसभा पोर्च पर पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने फूलों के बड़े गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके सुरक्षा अमले के अधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।
चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा
विधानसभा परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिसर के भीतर एंबुलेंस को हर वक्त तैनात रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। मुख्यमंत्री के वाहन के आगे-पीछे सुरक्षा घेरा बनाए रखते हुए जवान चौकस दिखे। गौरतलब है कि इस बार का मानसून सत्र, JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन और विपक्ष के हमलावर रुख की वजह से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती है।
हंगामेदार सत्र के आसार, सीएम पर टिकीं निगाहें
मुख्यमंत्री का यह विधानसभा आगमन ऐसे वक्त में हुआ है जब भाजपा-नीत एनडीए गठबंधन के विधायक पहले ही परिसर की सीढ़ियों पर JPSC-JSSC मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सदन के भीतर मुख्यमंत्री का रुख और उनका जवाब आज सबसे अधिक चर्चा का विषय बना रहेगा। मुख्यमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि सरकार छात्रों से बातचीत के लिए तैयार है और मामले में जल्द उच्चस्तरीय समिति बनाई जाएगी।
सत्र के पहले दिन सदन में हंगामे के पूरे आसार हैं, क्योंकि विपक्ष JPSC-JSSC परीक्षाओं की सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरी तैयारी के साथ उतरा है।









