Ranchi: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार सुबह बासुदेब ऑटो (टाटा मोटर्स) के वर्कशॉप में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से वर्कशॉप में मरम्मत और सर्विसिंग के लिए खड़ी नौ चार पहिया गाड़ियां पूरी तरह जल गईं।
फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आग की लपटें दिखाई देने पर वर्कशॉप की सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने तत्काल प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय थाना और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वर्कशॉप प्रबंधन के अनुसार, जिन वाहन मालिकों की गाड़ियां आग में क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दे दी गई है। आगे की कार्रवाई जांच और नुकसान के आकलन के आधार पर होगी।










