Dhanbad: धनबाद जिले के गोमो के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के बरवाडीह में पैसे को लेकर हुए विवाद में एक पति द्वारा पत्नी की जीभ काटने का मामला सामने आया है। घटना में मधु देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पति राजेश गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है।
आवास योजना की राशि को लेकर हुआ विवाद
घायल महिला की बड़ी बहन आशा देवी के मुताबिक, मधु और राजेश ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बरवाडीह में रह रहे थे। बताया गया कि मधु के बैंक खाते में आवास योजना की राशि आई थी। राजेश उस रकम में से पैसे मांग रहा था, लेकिन मधु ने देने से इनकार कर दिया।
परिजनों के अनुसार, घटना के दिन राजेश शराब के नशे में घर पहुंचा और मांस-मछली लाने के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि राजेश ने मधु के साथ मारपीट की और इसी दौरान उसकी जीभ काट दी गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल के कुछ अन्य सदस्यों ने महिला को पकड़ रखा था। हालांकि, इस भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
पैसे को लेकर पहले भी मारपीट होती थी
घटना के बाद पड़ोसियों की मदद से मधु को एसएनएमएमसीएच पहुंचाया गया। परिजनों का आरोप है कि पैसे को लेकर पहले भी उसके साथ मारपीट होती रही है।
हरिहरपुर थाना प्रभारी संतोष महतो ने बताया कि मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा है। महिला की जीभ काटे जाने की बात सामने आई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









