Ranchi: रांची जिला कांग्रेस कमेटी ने रांची DC के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर अयोध्या के राम मंदिर में चंदे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में किसी राजनीतिक या संस्थागत प्रभाव से अलग निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है।
चंदा संग्रह, बैंक खातों, संपत्ति खरीद समेत स्वतंत्र जांच की मांग
ज्ञापन में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को मिले कुल चंदे और उसके उपयोग का स्वतंत्र वित्तीय ऑडिट कराने की मांग की गई है। साथ ही चंदा संग्रह, बैंक खातों, संपत्ति खरीद और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की स्वतंत्र जांच तथा अनियमितता या आपराधिक कृत्य साबित होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी गई है। कांग्रेस ने श्रद्धालुओं के चंदे का सार्वजनिक लेखा-जोखा जारी करने की भी मांग की।
ज्ञापन में झारखंड के खनिज अधिकारों और वित्तीय स्वायत्तता का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने कहा कि ‘मिनरल बियरिंग लैंड सेस’ के जरिए राज्य के राजस्व हितों को आगे बढ़ाने की कोशिश के बीच खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के कुछ प्रावधान राज्यों के अधिकारों को प्रभावित कर सकते हैं।
राष्ट्रपति के सामने पांच मांगें
कांग्रेस ने संशोधन अधिनियम के प्रावधानों की संवैधानिक समीक्षा, राज्यों के खनिज अधिकारों की रक्षा, राज्यों से व्यापक परामर्श, खनन प्रभावित क्षेत्रों को राजस्व में प्राथमिकता और सहकारी संघवाद के अनुरूप केंद्र-राज्य अधिकारों में संतुलन की मांग की।










