Ranchi: राजधानी की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल Kanke Road अब नए स्वरूप में नजर आएगी। रांची नगर निगम ने कांके राम मंदिर से प्रोजेक्ट भवन तक के पूरे मार्ग को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभियान शुरू करने से पहले अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जाए। निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम की टीमें कार्रवाई करेंगी।
प्रशासन का उद्देश्य केवल सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराना नहीं है, बल्कि पूरे मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना भी है। योजना के तहत सड़क किनारे आकर्षक फुटपाथ, वर्टिकल गार्डन, आधुनिक ऑटो स्टैंड, वॉल पेंटिंग, साइनेज और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे कांके रोड की पहचान एक मॉडल कॉरिडोर के रूप में स्थापित करने की तैयारी है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और सतत अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी।
नगर निगम के इस कदम को राजधानी में सड़कों के बेहतर प्रबंधन और शहरी सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यदि योजना तय समय पर पूरी होती है तो कांके रोड शहर की पहली ऐसी सड़क होगी, जहां यातायात सुविधा और सौंदर्यीकरण दोनों पर समान रूप से ध्यान दिया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








