Ranchi: रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शनिवार को पत्रकारों ने डुमरी विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन महिला पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार और बदसलूकी के विरोध में किया गया। पत्रकारों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़िता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
महिला पत्रकार से माफी मांगे जयराम महतो
प्रदर्शनकारी पत्रकारों ने आरोप लगाया कि महिला पत्रकार के कैमरे से जयराम महतो के समर्थकों ने जबरन मेमोरी कार्ड निकाल लिया। पत्रकारों का दावा है कि कार्ड में ऐसी रिकॉर्डिंग थी, जिससे विधायक की छवि प्रभावित हो सकती थी। इसी वजह से कार्ड कब्जे में लिए जाने का आरोप लगाया गया है।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि विधायक ने महिला पत्रकार से माफी नहीं मांगी और मेमोरी कार्ड वापस नहीं किया, तो वे विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो से मिलकर मामले में कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे।
पुलिसकर्मी से गाली-गलौज करने का आरोप
बताया गया कि यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो से जुड़ा है। ऑडियो में जयराम महतो के कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी से गाली-गलौज करने की बात सामने आई थी। इसी मुद्दे पर महिला पत्रकार विधायक का इंटरव्यू लेने पहुंची थीं।
विधायक जयराम महतो पर आरोप है कि इंटरव्यू के बाद विधायक के समर्थकों ने महिला पत्रकार से बदसलूकी की और उनके कैमरे से मेमोरी कार्ड निकाल लिया। घटना के बाद महिला पत्रकार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद पत्रकारों में नाराजगी देखी गई।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









