Ranchi: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के नगड़ाटोली में गर्ल्स हॉस्टल के बाहर देर रात युवती से छेड़खानी और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉस्टल के गेट के पास पहले से शराब पी रहे युवकों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया। विरोध करने पर युवती के भाई के साथ मारपीट की गई। इस दौरान सोने की चेन, अंगूठी और गाड़ी की चाबी छीनने का भी आरोप है।
Ranchi: 28 अगस्त की रात की घटना
घटना 28 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे श्रीवास्तव गर्ल्स हॉस्टल के पास की बताई जा रही है। मामले में बोकारो के कसमार निवासी छात्रा ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के मुताबिक, छात्रा अपने भाई के साथ स्कॉर्पियो से हॉस्टल पहुंची थी। जैसे ही गाड़ी हॉस्टल के गेट के पास रुकी, वहां पहले से मौजूद सनी समेत तीन अज्ञात युवक गाड़ी के आसपास पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने गाड़ी का गेट खोलकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर भाई के साथ मारपीट
स्थिति बिगड़ती देख युवती के भाई ने युवकों का विरोध किया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन और अंगूठी उतार ली। आरोपियों पर स्कॉर्पियो की चाबी छीनने का भी आरोप है।
युवती को जबरन गाड़ी से नीचे खींचने का आरोप
पीड़िता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि इसी दौरान सनी ने उसे जबरन स्कॉर्पियो से नीचे खींच लिया। इसके बाद उसके साथ अभद्रता, छेड़खानी और मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद लालपुर थाना की पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस नामजद आरोपी सनी के अलावा घटना में शामिल तीन अज्ञात युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।
ये भी पढ़ें: Dhanbad: बलियापुर में सनसनी, हटिया से लौट रहे युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









