Palamu: पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में बटाने नदी पर बेलघाटी पुल के पास शनिवार शाम नहाने के दौरान तीन युवक डूब गए। इनमें से एक युवक को स्थानीय लोगों ने कुछ देर बाद बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाल लिया था। रविवार को पुलिस ने घटनास्थल के पास से दूसरे युवक का शव बरामद कर लिया। तीसरे युवक की तलाश जारी है।
पिकनिक मनाने हरिहरगंज पहुंचे थे तीन युवक
जानकारी के अनुसार, बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव निवासी राजेंद्र साव, रितिक और टेनी पिकनिक मनाने हरिहरगंज पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान तीनों बटाने नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नदी में खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों ने राजेंद्र साव को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। इसके बाद राजेंद्र ने पुलिस को अपने दोनों साथियों के बारे में जानकारी दी।
एक युवक का शव बरामद
पुलिस ने रविवार को तलाश के दौरान पत्थर के पास फंसा रितिक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि रितिक का शव बरामद हुआ है। तीसरे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ को पत्र लिखा गया है। ग्रामीणों के सहयोग से भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









