West Bengal: दामोदर नदी में नहाने के दौरान एक युवक डूबकर लापता हो गया। मंगलवार दोपहर पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल स्थित दामोदर नदी में यह घटना हुई। लापता युवक का नाम नेपाल राय है। बताया गया है कि वह अंडाल थाना क्षेत्र के मदनपुर रायपाड़ा का निवासी है।
दामोदर नदी में नहाने के लिए उतरे थे
पुलिस और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अंडाल के मदनपुर रायपाड़ा निवासी नेपाल राय दामोदर नदी में नहाने के लिए उतरे थे। नहाने के दौरान अचानक वह दामोदर नदी के गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने नदी में उनकी तलाश शुरू कर दी।परिवार के सदस्यों को खबर मिलते ही वे नदी किनारे पहुंचे। इसके बाद अंडाल थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
टीम ने नदी में उतरकर डूबे युवक की तलाश शुरू की
पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। लेकिन मंगलवार रात तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद बुधवार सुबह पुलिस की सूचना पर जिला प्रशासन की डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नदी में उतरकर डूबे युवक की तलाश शुरू की।
आखिरी खबर मिलने तक नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाने के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका था।नेपाल राय का कोई सुराग नहीं मिलने से पूरे मामले को लेकर उनके परिवार और इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









