Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। अड्डी बंग्ला में बुधवार को ई-रिक्शा से उतर रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक
पीड़िता की पहचान संगीता जैन के रूप में हुई है। उनके मुताबिक, छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक है। घटना के बाद उन्होंने तिलैया थाना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
संगीता जैन ने बताया कि झुमरी तिलैया में जैन गुरु सुयश सागर जी महाराज का आगमन हुआ है। बुधवार को उनके भोजन की व्यवस्था अड्डी बंग्ला निवासी अजय जैन के घर पर की गई थी। इसी सिलसिले में वह अपनी बेटी के साथ ई-रिक्शा से वहां पहुंची थीं।
बाइक सवार अपराधियों ने गले से चेन झपट ली
इसी दौरान अजय जैन के घर के सामने जैसे ही वह ई-रिक्शा से उतर रही थीं, बाइक सवार दो लोग वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने मौका पाकर उनके गले से चेन झपट ली। इसके बाद दोनों तेज रफ्तार में फरार हो गए।
संगीता जैन और आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









