रांची। झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) की प्रक्रिया के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह SIR के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
भाजपा का दावा है कि खासकर संथाल परगना प्रमंडल के कुछ इलाकों में मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया को लेकर गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं। पार्टी ने निर्वाचन विभाग से इन मामलों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
15 सितंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया
भाजपा ने अपने ज्ञापन में कहा है कि SIR का उद्देश्य त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि पात्र भारतीय मतदाता का नाम छूटे नहीं और अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। पार्टी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया के दौरान फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से आवश्यक संशोधन किए जा सकते हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि प्रारूप मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम मौजूद हैं, लेकिन सत्यापन के लिए वर्ष 2003 से संबंधित आवश्यक आधार उपलब्ध नहीं कराया गया है और वे ‘No Mapping’ श्रेणी में हैं, उनकी सुनवाई के बाद स्वीकृत सूची विधानसभा क्षेत्रवार सार्वजनिक की जानी चाहिए। भाजपा ने इसे पारदर्शिता के लिए जरूरी बताया है।
राजमहल में मतदाताओं की संख्या को लेकर सवाल
भाजपा ने साहेबगंज जिले के राजमहल विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 343 और गृह संख्या 01 का उदाहरण देते हुए मतदाता सूची में बदलाव पर सवाल उठाया है। पार्टी के अनुसार, वर्ष 2019 की सूची में इस घर से चार मतदाताओं के नाम थे, जबकि 25 जुलाई 2024 को प्रकाशित सूची में संख्या बढ़कर 39 हो गई।
ज्ञापन में कुछ मतदाताओं की उम्र से जुड़ी विसंगतियों का भी उल्लेख किया गया है। भाजपा ने दावा किया कि एक ही परिवार के सदस्यों की दर्ज आयु में ऐसे अंतर दिखाई दे रहे हैं, जिनकी जांच की आवश्यकता है।
इसी तरह राजमहल विधानसभा के बूथ संख्या 187 और गृह संख्या 137 का उल्लेख करते हुए पार्टी ने कहा कि वर्ष 2019 की मतदाता सूची में 12 मतदाता दर्ज थे, जबकि वर्तमान सूची में यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है।
बोरियो की मतदाता सूची पर भी भाजपा ने उठाए सवाल
भाजपा ने साहेबगंज जिले के बोरियो विधानसभा क्षेत्र के मंडरो प्रखंड स्थित लालमाटी गांव की मतदाता सूची को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी का आरोप है कि गांव में मुस्लिम समुदाय के घर नहीं होने के बावजूद मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाताओं के नाम दर्ज हैं और तेलियागढ़ी बूथ पर उनके मतदान करने की बात सामने आई है।
हालांकि, ये सभी आरोप भाजपा की ओर से ज्ञापन में लगाए गए हैं। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि निर्वाचन विभाग की ओर से होना बाकी है।
मतदाता की उम्र और रिश्तों के रिकॉर्ड में विसंगति का आरोप
ज्ञापन में साहेबगंज जिले में उम्र और पारिवारिक संबंधों से संबंधित कथित गड़बड़ियों का भी जिक्र किया गया है। भाजपा के अनुसार, कुछ मामलों में 15 वर्ष के व्यक्ति को पिता और उसी व्यक्ति को 30 वर्ष की उम्र में दादा बताया गया है। पार्टी ने कुछ ऐसे मामलों का भी दावा किया है, जहां पिता और पुत्र की उम्र में केवल दो से तीन वर्ष का अंतर दर्ज है।
गोड्डा में फार्म-7 लेने से इनकार का आरोप
भाजपा ने गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के बसंतराय प्रखंड में 25 अगस्त को सामने आए एक मामले को भी निर्वाचन विभाग के सामने रखा है। पार्टी के अनुसार, बूथ संख्या 9 और 38 पर BLA-2 की ओर से प्रस्तुत फार्म-7 लेने से संबंधित BLO ने कथित तौर पर इनकार कर दिया।
भाजपा का कहना है कि BLA-1 ने इसकी मौखिक सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा को दी, लेकिन ज्ञापन सौंपे जाने तक कार्रवाई नहीं हुई।
BLA-2 की जानकारी सार्वजनिक करने का भी आरोप
पार्टी ने गोड्डा विधानसभा के बूथ संख्या 9 को लेकर एक और गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा के मुताबिक, BLA-2 द्वारा जमा किए गए फार्म-7 और BLA-2 के नाम एवं राजनीतिक दल से संबंधित जानकारी कथित तौर पर BLO द्वारा सार्वजनिक कर दी गई। पार्टी का दावा है कि इसके बाद संबंधित BLA-2 को स्थानीय स्तर पर दबाव और धमकी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा ने निर्वाचन विभाग से इस पूरे मामले की जांच कराने, आवश्यक कार्रवाई करने और SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बबन गुप्ता और सुनील साहू भी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









