Ranchi: दिवंगत पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुदीब्य कुमार सोनू की स्मृति में सोमवार को बेड़ो स्थित बिशु भगत महिला इंटर महाविद्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। मांडर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की विशेष रूप से मौजूद रहीं।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुदीब्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक और गमगीन रहा।
शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया अपूरणीय क्षति
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सुदीब्य कुमार सोनू के निधन को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि उनका असमय चले जाना सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सोनू केवल जनप्रतिनिधि और कैबिनेट के सहयोगी नहीं थे, बल्कि एक संवेदनशील व्यक्ति, सहज स्वभाव के साथी और मार्गदर्शक के तौर पर भी लोगों के बीच अपनी अलग पहचान रखते थे।
उन्होंने कहा कि सुदीब्य कुमार सोनू का निधन कांग्रेस परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी बड़ी क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और साथियों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा।
मंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं दिवंगत नेता के परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय का सामना करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
बंधु तिर्की ने भी साझा की पुरानी यादें
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने सुदीब्य कुमार सोनू के साथ अपने आत्मीय संबंधों को याद किया और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि सोनू का सहज व्यवहार और लोगों के साथ उनका जुड़ाव उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान देता था। उनके निधन से पार्टी और समाज को हुई क्षति लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में बेड़ो प्रखंड अध्यक्ष करमा उरांव, उप प्रमुख मोद्दशिर हक, मजकुर सिद्दीकी, नवल सिंह, देवनीश तिग्गा, बेरोनिका कच्छप, शमीम अख्तर, मांगा उरांव, रमेश महली, इस्तियाक, जयंत बारला, सुदामा महली, अबूमाज़, परवेज आलम, सुका उरांव, आबिद अंसारी, सेरोफिना मिंज, मनकू कुजूर, दिनेश राम, फ़हीम हक, पंचू मिंज और मीर मुस्लिम समेत पार्टी के विभिन्न मंच-मोर्चों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिवंगत सुदीब्य कुमार सोनू को नम आंखों से याद किया और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








