Ranchi: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रहे देवेंद्र नाथ महतो की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। तेज बुखार, लगातार दस्त/डिसेंट्री, उल्टी और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
तेज बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र नाथ महतो को पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी थी, लेकिन सोमवार को उनकी स्थिति ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उनकी आवश्यक जांच शुरू कर दी है और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार किया जा रहा है।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने अपने साथियों, छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों से चिंता नहीं करने की अपील की है। उन्होंने अपने जल्द स्वस्थ होने के लिए लोगों से आशीर्वाद और शुभकामनाएं बनाए रखने का आग्रह किया है।
बोले- स्वास्थ्य ठीक होते ही संघर्ष रहेगा जारी
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद छात्रों और युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और झारखंड के भविष्य को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने अपने साथियों और समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील भी की है।
कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे देवेंद्र नाथ महतो
बता दें कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से आंदोलनरत थे।
सबसे पहले उन्होंने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आमरण अनशन शुरू किया था। इसके बाद छात्रों के साथ विधानसभा घेराव भी किया। आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने झारखंड के 24 जिलों में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा निकाली, जो 11 सितंबर को समाप्त हुई।
लगातार आंदोलन, यात्रा और प्रदर्शन के बाद अब उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









