Giridih: गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड में हाथियों के झुंड ने एक बार फिर दहशत पैदा कर दी है। मंगलवार देर रात मंडलडीह गांव में हाथियों के झुंड ने एक घर को तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। इस दौरान घर में सो रहे मांगरा मांझी को एक हाथी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद उनकी पत्नी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह घायल हो गईं। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
घर में घुसकर हाथी ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात हाथियों का झुंड मंडलडीह गांव पहुंचा। हाथियों ने एक घर को नुकसान पहुंचाते हुए उसे तोड़ दिया और अंदर घुस गए। इसी दौरान हाथी की चपेट में आने से मांगरा मांझी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों में हाथियों को लेकर डर का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद पीरटांड़ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
हाथियों के गांव में पहुंचने और घर में घुसकर किए गए हमले के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने हाथियों से सुरक्षा और उनके गांव में प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई है।
ये भी पढ़ें: Stock Market Today: सेंसेक्स 150 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,380 के पार; 4 IPO आज से खुले
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








