Ranchi: राजधानी रांची के ओरमांझी ब्लॉक चौक स्थित शराब की दुकान में उस समय अफरातफरी मच गई जब बंदरिया दुकान के अंदर घुस गई। बंदरिया ने दुकान में रखी मैजिक मोमेंट की एक क्वार्टर बोतल खोली और शराब पी ली।
दुकान में मौजूद कर्मचारी पर हमला कर घायल किया
शराब पीने के बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया। उसने दुकान में मौजूद कर्मचारी रामाशंकर तिवारी पर हमला कर दिया। बंदरिया ने उनकी पीठ और पैर में काट लिया। घटना के बाद दुकान में मौजूद अन्य कर्मचारी डरकर बाहर निकल गए।
घायल रामाशंकर तिवारी को इलाज के लिए हरचंदा स्थित सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, दुकान के अंदर बंदरिया के उत्पात के कारण आसपास के लोगों में भी डर और कौतूहल का माहौल बन गया।
करीब ढाई घंटे तक दुकान में रही बंदरिया
कर्मचारी पर हमला करने के बाद बंदरिया करीब ढाई घंटे तक दुकान के अंदर ही रही। उसके आक्रामक व्यवहार के कारण किसी ने उसके पास जाने की हिम्मत नहीं की। वह दुकान में रखे सामान और शराब की बोतलों के बीच घूमती रही।
मामले की जानकारी वन विभाग और रेस्क्यू टीम को दी गई। सूचना मिलने के बाद भगवान बिरसा जैविक उद्यान की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, बंदरिया को सुरक्षित पकड़ना आसान नहीं था।
बंदरिया को रेस्क्यू कर भगवान बिरसा जैविक उद्यान ले जाया गया
काफी मशक्कत के बाद टीम ने उसे बिना नुकसान पहुंचाए रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद बंदरिया को भगवान बिरसा जैविक उद्यान ले जाया गया।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व वन क्षेत्र पदाधिकारी गायत्री देवी ने किया। टीम में जीव वैज्ञानिक विवेक कुमार, वनरक्षी राकेश अवस्थी समेत अन्य कर्मी शामिल रहे। बंदरिया के गर्भवती होने की जानकारी के बाद रेस्क्यू टीम ने उसे सावधानी से काबू किया।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







