रांची: राजधानी रांची में Spa सेंटर के नाम पर बुलाकर एक व्यक्ति को बंधक बनाने, मारपीट करने, लूटपाट और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी में हुई इस घटना को लेकर पीड़ित मो. नसीम की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद महिला समेत चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
FIR में आरोप लगाया गया है कि पीड़ित को मसाज के बहाने एक महिला ने फोन कर बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये की मांग की गई।
फोन पर आया स्पा सेंटर का ऑफर
पुरानी रांची निवासी मो. नसीम की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाली महिला ने मौलाना आजाद कॉलोनी में Spa सेंटर चलाने की बात कहते हुए मसाज के लिए आने को कहा।
शिकायत के मुताबिक, दिन में कई बार फोन आने के बाद शाम करीब 6:30 बजे नसीम बताए गए पते पर पहुंचे। FIR के अनुसार, गली नंबर 11 स्थित कमरे में उनकी पूर्व घरेलू सहायिका सानिया परवीन उर्फ बेबी, एक अन्य महिला और दो युवक मौजूद थे।
कमरे में बंद कर मारपीट और लूटपाट का आरोप
पीड़ित के अनुसार, स्पा के बारे में पूछते ही आरोपियों ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट की गई। FIR में आरोप है कि लाठी-डंडे और हाथ-मुक्कों से पिटाई करने के बाद जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने नसीम के पास रखे 46 हजार रुपये नकद और गले की सोने की चेन छीन ली। इसके बाद मोबाइल फोन लेकर Google Pay का लॉक खुलवाया गया और कथित तौर पर 8 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए।
कपड़े फाड़कर वीडियो बनाने का आरोप, मांगे 5 लाख
FIR में आगे आरोप लगाया गया है कि लूटपाट के बाद पीड़ित के कपड़े फाड़ दिए गए और उसकी तस्वीरें व वीडियो बनाए गए। आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर 5 लाख रुपये नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
शिकायत के अनुसार, किसी तरह वहां से निकलने के बाद भी अगले दिन पीड़ित के पास फोन आते रहे और पैसों की मांग की जाती रही। इसके बाद उन्होंने नामकुम थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
BNS की कई धाराओं में केस दर्ज
नामकुम पुलिस ने शिकायत के आधार पर कांड संख्या 264/26 दर्ज की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 127(2), 115(2), 308(3), 308(5), 309(4), 352, 351(2)(3) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नामजद आरोपी सानिया परवीन और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच में तकनीकी साक्ष्यों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप प्राथमिकी में दर्ज शिकायत पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और मामले में अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









