Ranchi: निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को रांची में प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित किया गया।
चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच इस्तीफे की मांग
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पुराना विधानसभा परिसर से जुलूस की शक्ल में निकले। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारे लगाए। जुलूस निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचने के बाद सभा में बदल गया।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच इस्तीफे की मांग भी की।
सभा को प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, सुरेश बैठा, रामचंद्र सिंह और अंबा प्रसाद सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। उनका कहना था कि सूची में बदलाव और विशेष पुनरीक्षण को लेकर उठ रहे सवालों का निर्वाचन आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयुक्त के. रवि कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची में हुए बदलाव और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा उठाए गए सवालों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और मताधिकार की रक्षा से जुड़ा है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









