Ranchi: रांची स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में सोमवार, 28 सितंबर को आगामी दुर्गा पूजा को लेकर राज्य की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में सभी प्रक्षेत्रीय आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी शामिल हुए।
विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों की जानकारी दी
बैठक में रांची, धनबाद, जमशेदपुर समेत विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों तथा पुलिस मुख्यालय के महानिदेशक नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया।
पुलिस को सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों का सत्यापन करने के साथ वरीय अधिकारियों से पंडालों का भौतिक निरीक्षण कराने को कहा गया है। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस और महिला बल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, CCTV और ड्रोन से निगरानी पर जोर दिया गया।
पंडालों में अग्निशमन, मेडिकल सुविधा, पर्याप्त रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील पंडालों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी और जरूरत के मुताबिक क्यूआरटी तैनात करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर रहेगी पैनी नजर
सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ पोस्ट के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों पर नजर रखने के साथ अवैध चंदा वसूली, छेड़खानी, चोरी और छिनतई रोकने के लिए विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया।
मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस मार्गों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त बल तैनात करने, घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था और ड्रोन से निगरानी के निर्देश भी दिए गए। डीजे को लेकर हाईकोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षकों को शांति समिति की बैठक, संवेदनशील इलाकों में गश्ती, एंटी-क्राइम चेकिंग तथा अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश भी दिया गया।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









