Jamshedpur: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी फुलबस्ती में गुरुवार देर रात एक युवक पर फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब साढ़े 11 बजे स्कूटी सवार दो युवकों ने मो. राजा उर्फ आबिद हुसैन पर चार से पांच राउंड गोली चलाने का आरोप है। घटना में राजा के हाथ में गोली लगी है। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के मुताबिक, मो. राजा साकची बाजार में सब्जी की दुकान चलाता है और अन्य कारोबार से भी जुड़ा है। शुरुआती जांच में फायरिंग की वजह रंगदारी से जुड़ी बताई जा रही है।
घर से कुछ दूरी पर खड़े होकर कर रहा था फोन
घायल राजा ने बताया कि वह अपने घर से करीब 20 मीटर दूर सड़क पर खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
राजा के अनुसार, उसने घबराने के बजाय सड़क पर पड़े ईंट-पत्थर उठाकर आरोपियों पर जवाबी हमला किया। खुद को घिरता देख दोनों युवकों ने हवाई फायरिंग की और एमजीएम अस्पताल मोड़ की ओर फरार हो गए।
हाथ में लगी गोली, एक गोली छूकर निकली
फायरिंग में एक गोली राजा के बाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली उसे छूकर निकल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।
घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई।
दो युवकों पर नामजद आरोप
फायरिंग के मामले में राजा ने साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्माइलु और काशीडीह निवासी कोदू बच्चा पर आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
यह घटना शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा की हाईलेवल बैठक के करीब नौ घंटे बाद हुई। पुलिस अब फायरिंग की वजह, आरोपियों की भूमिका और रंगदारी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












