सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह स्थित खरकाई नदी घाट पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नदी में एक युवक का शव तैरता मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी वार्ड 13 के पार्षद शांतनु कुमार को दी। पार्षद ने तत्काल आदित्यपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
धनबाद का रहने वाला था सुमित कुमार मंडल
मृतक की पहचान धनबाद निवासी सुमित कुमार मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुमित आदित्यपुर-2 के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर 24 में एक दोस्त के साथ किराए के कमरे में रहता था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
गुरुवार से था लापता, थाने में दर्ज हुई थी शिकायत
बताया जा रहा है कि सुमित गुरुवार से अचानक लापता था। काफी तलाश के बावजूद जब उसका पता नहीं चला, तो उसके रूममेट ने आरआईटी थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शुक्रवार सुबह खरकाई नदी में शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों और दोस्तों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद परिवार में मातम पसर गया।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सुमित की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मामला हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना से जुड़ा है, इसको लेकर अभी पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











