Dhanbad: धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार देर रात दुहाटांड़ स्थित एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।
दुकान संचालक ने बताया कि रविवार सुबह जब वह रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और सोने-चांदी के कई जेवर गायब थे। जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान के वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर घुसे थे और वहां रखे जेवरात चोरी कर ले गए।
दुहाटांड़ में देर रात वारदात, रिपेयरिंग के लिए रखे ग्राहकों के गहने भी चोरी
दुकानदार के अनुसार चोरी हुए सामान में ग्राहकों द्वारा रिपेयरिंग के लिए दिए गए सोने-चांदी के आभूषण भी शामिल हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।












