Dhanabd: धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद में जितिया पर्व के अवसर पर दामोदर नदी में स्नान के दौरान लापता हुई 16 वर्षीय युवती का शव रविवार सुबह सिंदरी बस्ती के समीप नदी में तैरता हुआ मिला। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान का समापन किया।
जितिया पर्व मनाने अपने ननिहाल आई थी युवती
जानकारी के अनुसार, सोनाक्षी कुमारी जितिया पर्व मनाने अपने ननिहाल आई थी। शुक्रवार को अमलाबाद घाट पर परिवार के साथ स्नान के दौरान वह दामोदर नदी की तेज धारा में बह गई थी।
घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों, पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने लगातार खोज अभियान चलाया। रांची से पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने करीब दो दिनों तक दामोदर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
ग्रामीणों ने नदी में तैरता शव देखा
रविवार सुबह सिंदरी बस्ती के कुछ ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता देखा और इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही झरिया अंचल अधिकारी, सुदामडीह पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों की निगरानी में शव को नदी से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरु कर दी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











