रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक सोमवार, 24 नवंबर को विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के नेतृत्व में हुई। बैठक में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) और MMDR संशोधन एक्ट 2026 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस ने दोनों मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने और MMDR संशोधन एक्ट के विरोध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की बात कही है।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मारावी मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर निर्वाचन आयोग SIR के माध्यम से लोगों के मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस मताधिकार के आधार पर लोकतंत्र की व्यवस्था खड़ी है, उसे कमजोर करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
SIR में मतदाताओं के नाम कटने का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
प्रदीप यादव ने पश्चिम बंगाल और बिहार में हुए SIR का जिक्र करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल में 93 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 33 लाख मतदाताओं के मामले अभी ट्रिब्यूनल में लंबित हैं। वहीं, लगभग 1.07 लाख मतदाताओं की सुनवाई में करीब 93 प्रतिशत के दावे सही पाए जाने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में भी बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर विधानसभा के विशेष सत्र में विस्तार से चर्चा करेगी और मतदाताओं के अधिकारों का सवाल उठाएगी।
MMDR संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
MMDR संशोधन एक्ट 2026 को लेकर प्रदीप यादव ने कहा कि इस कानून के माध्यम से राज्यों के अधिकार सीमित करने और उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पहले भी GST सहित विभिन्न फैसलों के जरिए राज्यों के आर्थिक अधिकारों को प्रभावित करती रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस संशोधन का विरोध करेगी और विधानसभा के विशेष सत्र में इसके खिलाफ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की पहल करेगी। पार्टी की मांग होगी कि MMDR संशोधन एक्ट को रद्द किया जाए।
बैठक में कांग्रेस के कई विधायक रहे मौजूद
विधायक दल की बैठक में उपनेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, अनूप सिंह, निशात आलम, सोनाराम सिंकू, भूषण बाड़ा, सुरेश बैठा, ममता देवी और विक्सल कोनगाड़ी सहित अन्य विधायक उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष सत्र के दौरान SIR और MMDR संशोधन एक्ट के मुद्दों पर पार्टी की रणनीति और सदन में उठाए जाने वाले विषयों पर चर्चा की गई।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







