बोकारो: आजसू पार्टी ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार को पेटरवार स्थित वन सभागार में आयोजित बोकारो जिला कार्यसमिति की बैठक में जिले की सभी प्रखंड और नगर कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, आगामी 20 दिसंबर को सभी प्रखंड एवं नगर कमेटियों के सांगठनिक चुनाव कराने की घोषणा की गई।
बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो ने की, जबकि संचालन जिला सचिव नरेंद्र महतो ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। संगठन की मजबूती केवल पदों और जिम्मेदारियों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता के बीच उनकी मौजूदगी और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता से तय होती है।
उन्होंने कहा कि सांगठनिक पुनर्गठन के जरिए पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। 20 दिसंबर को होने वाले चुनाव में सक्रिय, समर्पित और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रखंड, पंचायत, गांव और नगर स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा आम लोगों की समस्याओं को समझकर उनकी आवाज उठाने का आह्वान किया।
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी संगठन में एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सांगठनिक चुनाव पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का अवसर है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए।
रिंकी कुमारी बनीं महिला जिला अध्यक्ष
बैठक में संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चंद्रपुरा की उप प्रमुख रिंकी कुमारी को आजसू पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए विभिन्न प्रखंडों और नगर कमेटियों में प्रभारियों की नियुक्ति की गई।
नियुक्त प्रखंड एवं नगर प्रभारी इस प्रकार हैं:
- बोकारो महानगर – अजय सिंह और सचिन महतो
- चास प्रखंड – अश्विनी महतो
- चास नगर – राजकुमार
- गोमिया – राजेश विश्वकर्मा और इंद्रनाथ महतो
- जरीडीह – संतोष कुमार महतो
- कसमार – सूरज महतो
- पेटरवार – संटू राम सिंह
- बेरमो – कमलेश महतो
- फुसरो नगर – महेंद्र चौधरी
- नावाडीह – नवीन महतो
- चंद्रपुरा – सुरेश महतो और टिकैत महतो
- चंदनकियारी – राजेश महतो और सुशेन रजवार
बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बूथ, पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







