चिरकुंडा: शनिवार रात धनबाद जिले में एक बेकाबू ट्रक ने करीब 20 किलोमीटर तक जमकर कहर बरपाया। बलियापुर से कालियासोल की ओर जा रहे ट्रक ने रास्ते में एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद कई बाइकों और दो-तीन मवेशियों को अपनी चपेट में लेते हुए ट्रक कालियासोल की ओर बढ़ता रहा। लगातार हादसों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, ट्रक बलियापुर की ओर से कालू बथान ओपी क्षेत्र के पिंडराहट होते हुए कालियासोल की तरफ जा रहा था। पिंडराहट के पास मुख्य सड़क पर ट्रक ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी।
भागने के दौरान ट्रक ने रास्ते में कई बाइकों और दो-तीन मवेशियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। लगातार हो रहे हादसों के बाद ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। कालियासोल मोड़ से ट्रक निरसा की ओर मुड़ा, जिसके बाद ग्रामीणों ने निरसा थाना क्षेत्र के फटका पुल के पास उसे घेर लिया।
फटका पुल पर चालक को भीड़ ने घेरा
ट्रक रुकते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकाला और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही निरसा थाना के एसआई गौरव कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर भीड़ काफी आक्रोशित थी। पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार यादव के सहयोग से चालक को भीड़ के बीच से बाहर निकाला। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।
कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए निरसा थाना प्रभारी अजीत भारती और एसडीपीओ लीलेश्वर महतो कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया।
भीड़ की पिटाई से घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए धनबाद भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर निरसा थाना ले आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अब हादसों की पूरी कड़ी, ट्रक चालक की स्थिति और घटना के कारणों की जांच कर रही है। करीब 20 किलोमीटर तक ट्रक के इस तरह बेकाबू होकर चलने की घटना से इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











