Dhanbad: रेलवे के ओवरहेड तार चोरी के मामले में आत्मसमर्पण करने पहुंचे आरोपी को पकड़ने के दौरान कथित आरपीएफ कर्मियों पर अधिवक्ता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना सोमवार दोपहर की है। पीड़ित अधिवक्ता संतोष कुमार सिंह ने धनबाद थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता संतोष कुमार सिंह के अनुसार, महुदा रेल थाना कांड संख्या 4/26 के आरोपी कुणाल साव की ओर से रेलवे के न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण के लिए याचिका दाखिल की गई थी।
सादे लिबास में पहुंचे चार-पांच लोग
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सादे लिबास में पहुंचे चार-पांच लोग, जिन्होंने खुद को आरपीएफ का सब-इंस्पेक्टर और जवान बताया, उनके चेंबर में आए और आरोपी को जबरन ले जाने का प्रयास किया। अधिवक्ताओं के विरोध के बाद वे वहां से चले गए।
आरोप है कि दोपहर करीब 1:30 बजे न्यायालय ले जाने के दौरान उक्त लोग फिर पहुंचे और आरोपी को घसीटकर ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने अधिवक्ता संतोष कुमार सिंह का गला दबाया, उनका चश्मा तोड़ दिया और हाथ से सोने की अंगूठी छीन ली। इस दौरान एक जूनियर महिला अधिवक्ता के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है।










