रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनकी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मरांडी के मुताबिक, प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की बैठक हुई, जिसमें अभियान के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और विभिन्न विषयों पर प्रस्ताव पारित किए गए।
अनुच्छेद 370, राम मंदिर और तीन तलाक का किया जिक्र
बाबूलाल मरांडी ने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक पर कानून को केंद्र सरकार के प्रमुख फैसलों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से देश में बदलाव आया है। आधारभूत संरचना के विस्तार, सड़कों के निर्माण, रेलवे कनेक्टिविटी और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए कार्यों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
गरीब कल्याण योजनाओं की चर्चा करते हुए मरांडी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, शौचालय निर्माण और आयुष्मान भारत का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीबों तक सहायता पहुंची है और करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है।
झारखंड में रेलवे, एम्स और जनजातीय गौरव पर जोर
मरांडी ने कहा कि झारखंड में हजारीबाग और गोड्डा को रेलवे कनेक्टिविटी से जोड़ने, देवघर में एम्स और एयरपोर्ट के निर्माण तथा गंगा नदी पर पुल जैसी परियोजनाओं से राज्य को लाभ मिला है। उन्होंने चाईबासा में मेडिकल कॉलेज का निर्माण अधूरा रहने का मुद्दा भी उठाया और राज्य की मौजूदा सरकार पर विकास कार्यों को लेकर सवाल किए।
जनजातीय समाज के सम्मान का उल्लेख करते हुए उन्होंने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने और बिरसा मुंडा के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की बात कही। उन्होंने शिबू सोरेन सहित झारखंड की विभूतियों को पद्म सम्मान दिए जाने का भी जिक्र किया।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार ने आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्रवाई को प्रभावी बताया।
प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अविनेश कुमार सिंह और केके गुप्ता मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








