Ranchi: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की लोकतंत्र बचाओ रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी के मुताबिक, इस रैली में कांग्रेस और INDIA गठबंधन के 10 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। झारखंड से भी 15 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।
लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह रैली केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का अभियान है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों पर चिंता जताई और कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है।
कमलेश ने स्पष्ट किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े सवालों का जवाब नहीं मिलता, पार्टी अपनी लड़ाई जारी रखेगी। कांग्रेस सड़क से सदन तक संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
झारखंड से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ता पहुंचे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, झारखंड के सभी जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। राज्य से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी को उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के प्रति पार्टी कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के नागरिकों के अधिकारों और भविष्य से जुड़ा सवाल है। पार्टी को उम्मीद है कि रामलीला मैदान की रैली से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश देशभर में पहुंचेगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







