Nora Fatehi Court Summons: बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और जबरन वसूली मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। समन मिलने के बावजूद अदालत में पेश नहीं होने पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अदालत को हल्के में न लें। साथ ही नोरा फतेही को नया समन जारी कर 6 नवंबर को हर हाल में पेश होने का निर्देश दिया है।
समन मिलने के बाद भी कोर्ट नहीं पहुंचीं नोरा फतेही
दरअसल, सोमवार, 2 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के वसूली मामले की सुनवाई होनी थी। इस दौरान अभिनेत्री नोरा फतेही को बतौर गवाह अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराना था। हालांकि, समन मिलने के बावजूद वह अदालत नहीं पहुंचीं।
नोरा की ओर से उनके वकील ने व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की। इस पर स्पेशल जज गगनदीप सिंह ने नाराजगी जताई। अदालत ने स्पष्ट कहा कि नोरा इस मामले में अहम गवाह हैं और उन्हें सुनवाई के दौरान मौजूद रहना चाहिए था। कोर्ट ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि वह न्यायिक प्रक्रिया को हल्के में न लें।
दिल्ली पुलिस ने भी अदालत को बताया कि नोरा फतेही को 22 अक्टूबर को ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए नोटिस भेजा गया था। पुलिस ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अदालत ने नया समन जारी कर 6 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया।
क्या है सुकेश चंद्रशेखर का 200 करोड़ रुपये का एक्सटॉर्शन केस?
यह पूरा मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश ने दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी बताकर करोड़ों रुपये की ठगी की थी। जांच के मुताबिक, साल 2020-21 के दौरान सुकेश ने पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की थी।
आरोप है कि सुकेश ने अदिति सिंह को भरोसा दिलाया था कि वह उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद कर सकता है। इसी बहाने उसने उनसे मोटी रकम वसूली। इस हाईप्रोफाइल मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने की थी।
कैसे सुकेश चंद्रशेखर केस में आया नोरा फतेही का नाम?
सुकेश चंद्रशेखर के इस मामले में नोरा फतेही का नाम सामने आने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) और दिल्ली पुलिस ने उनसे पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान नोरा ने बताया था कि उनकी मुलाकात सुकेश चंद्रशेखर से उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल के जरिए हुई थी। जांच एजेंसियों ने उनसे दिसंबर 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर भी सवाल किए थे।
जांच के बाद पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया और तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में उन्हें गवाह के तौर पर शामिल किया। चार्जशीट में नोरा फतेही का नाम लिस्टेड विटनेस नंबर 3 (LW-3) के रूप में दर्ज है। यानी इस मामले में नोरा आरोपी नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष की गवाह हैं।
जैकलीन फर्नांडिस से भी हुई थी पूछताछ
सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और एक्सटॉर्शन केस में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी सामने आया था। जांच एजेंसियों ने नोरा फतेही के साथ जैकलीन से भी सुकेश के साथ कथित संबंधों और इस मामले से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की थी।
फिलहाल, नोरा फतेही के लिए 6 नवंबर की तारीख बेहद अहम है। अदालत ने उन्हें अगली सुनवाई में पेश होने का स्पष्ट निर्देश दिया है। अब देखना होगा कि अभिनेत्री तय तारीख पर अदालत पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराती हैं या नहीं।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









