रांची: भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर झारखंड कांग्रेस ने निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस पदयात्रा को राजनीतिक पाखंड और फोटोशूट करार देते हुए कहा कि भाजपा का लोकतंत्र बचाने का दावा महज दिखावा है।
सोमवार को जारी बयान में केशव महतो कमलेश ने कहा कि अगर भाजपा वास्तव में लोकतंत्र की रक्षा करना चाहती है, तो उसे चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने की भी चुनौती दी।
कमलेश ने कहा कि जब मतदाताओं के मताधिकार और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तब भाजपा की पदयात्रा जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने भाजपा पर दोहरे राजनीतिक रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल नारे लगाने या कैमरों के सामने प्रदर्शन करने से सुरक्षित नहीं रहता।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दुष्यंत कुमार और हरदीप पुरी का जिक्र करते हुए भाजपा की राजनीतिक और संवैधानिक भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने राजनीतिक आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए, उसके बाद लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं की बात करनी चाहिए।
कमलेश ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने भाजपा से चुनाव आयोग की जवाबदेही और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए ठोस कदम बताने की मांग की।
गौरतलब है कि भाजपा की पदयात्रा के जवाब में कांग्रेस ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही को राजनीतिक बहस के केंद्र में रखा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









