Koderma: कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में जामुखाड़ी के पास सोमवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार परमेश्वर ठाकुर की मौत हो गई। गैस टैंकर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल परमेश्वर को रांची के रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक उरवां के रहने वाले थे।
निर्माणाधीन फ्लोटिंग सोलर प्लांट में काम करने जा रहे थे परमेश्वर
मिली जानकारी के अनुसार, परमेश्वर ठाकुर जामुखाड़ी के पास तिलैया डैम में निर्माणाधीन फ्लोटिंग सोलर प्लांट में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय कोडरमा की ओर से आ रहे गैस टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घायल परमेश्वर को इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रिम्स रेफर कर दिया। हालांकि, रांची पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-20) को जाम किया
इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-20) को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदतर स्थिति और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण इस इलाके में लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सड़क की मरम्मत और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
टैंकर को बरही में पकड़ लिया गया
सूचना मिलने पर चंदवारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। वहीं, फरार टैंकर चालक और वाहन की तलाश में पुलिस ने बरही पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद टैंकर को बरही में पकड़ लिया गया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









