Ranchi: झारखंड में महिलाओं से जुड़े यौन शोषण और दुष्कर्म के मामलों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने गम्हरिया थाना क्षेत्र में महिला से कथित दुष्कर्म और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी स्थित मिशनरी स्कूल से जुड़े फादर पर लगे यौन शोषण के आरोपों का जिक्र करते हुए राज्य की महिला सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
दिल्ली की राजनीति और प्रदर्शनों में व्यस्त है हेमंत सरकार
आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ लगातार गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय दिल्ली की राजनीति और प्रदर्शनों में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने में विफल रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गोड्डा मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि सुंदरपहाड़ी के एक मिशनरी स्कूल में काम करने वाली महिला रसोइया ने वहां के फादर पर लंबे समय तक यौन शोषण और दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। प्राथमिकी में गर्भपात की दवा देने और धमकी देने जैसे आरोप भी शामिल हैं। इस मामले में सुंदरपहाड़ी थाने में केस दर्ज किया गया है।
उन्होंने गम्हरिया थाने से जुड़े मामले को भी गंभीर बताते हुए कहा कि जब महिलाएं न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचती हैं, वहां भी ऐसी घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है।
सरकार की प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा के बजाय राजनीतिक गतिविधियां बन गई हैं
साहू ने राज्य सरकार से सवाल किया कि आखिर झारखंड में महिलाएं खुद को सुरक्षित कहां महसूस करें? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा के बजाय राजनीतिक गतिविधियां बन गई हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पीड़िताओं को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, संस्था या प्रभावशाली व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए। जांच में किसी तरह का राजनीतिक या संस्थागत दबाव नहीं होना चाहिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








