रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के तहत भाषा शिक्षक (कक्षा छह से आठ) का संशोधित अतिरिक्त परीक्षाफल जारी कर दिया है। तीन नवंबर 2026 को सूचना संख्या 105 के माध्यम से प्रकाशित इस परीक्षाफल में राज्य के 22 जिलों के कुल 1265 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। जिलावार सूची में रांची के सबसे अधिक 155 और पलामू के 130 अभ्यर्थी शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद संशोधन
JSSC ने बताया है कि परीक्षाफल में यह संशोधन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में किया गया है। मामला आरक्षित श्रेणी के अधिक मेधावी अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर सामान्य श्रेणी में शामिल करने से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि किसी वैधानिक रोक के अभाव में ऐसे अभ्यर्थियों को केवल प्रशासनिक निर्देश के आधार पर सामान्य श्रेणी में जाने से नहीं रोका जा सकता।
Read More- कोडरमा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत; दूसरा गंभीर
आयोग ने सिविल अपील संख्या 8259/2019 में पारित आदेश के साथ 17 सितंबर 2026 को कंटेम्प्ट पिटीशन (सिविल) डायरी संख्या 43106/2025 में दिए गए आदेश का भी उल्लेख किया है। इसके तहत पहले प्रकाशित संबंधित परीक्षाफल को रद्द कर संशोधित अतिरिक्त परीक्षाफल जारी किया गया है।
इन जिलों के अभ्यर्थी भी शामिल
जिलावार सूची में गिरिडीह के 103, हजारीबाग के 66, गढ़वा के 65, बोकारो और देवघर के 64-64 तथा चतरा के 62 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा गोड्डा के 59, धनबाद के 58, सरायकेला-खरसावां के 56 और पूर्वी सिंहभूम के 55 अभ्यर्थियों को सूची में जगह मिली है।
Read More- कोडरमा में अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा-चिरान लकड़ी लदा वाहन जब्त, चालकर फरार
आयोग के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों का परिणाम न्यायालयों में लंबित मामलों, रिक्तियों से जुड़े विवाद और जरूरी प्रमाणपत्र या दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण रोका गया है। संबंधित आदेश और दस्तावेज मिलने के बाद उनके परिणाम में संशोधन किया जा सकता है। आयोग ने परीक्षाफल में त्रुटियों को सुधारने का अधिकार भी सुरक्षित रखा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







