Share Market: शनिवार को आमतौर पर बंद रहने वाला शेयर बाजार 14 नवंबर को खुला है। हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में आज सामान्य कारोबार के बजाय मॉक ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद एक्सचेंज के तकनीकी सिस्टम की क्षमता और आपातकालीन तैयारियों की जांच करना है।
Share Market: मॉक ट्रेडिंग को दो सत्रों में बांटा गया है
इस परीक्षण के जरिए यह देखा जा रहा है कि साइबर अटैक, अचानक बढ़ते ट्रैफिक या किसी तकनीकी गड़बड़ी की स्थिति में एक्सचेंज कितनी तेजी से प्रतिक्रिया दे सकते हैं। साथ ही, प्राइमरी साइट से डिजास्टर रिकवरी (DR) साइट पर बिना रुकावट स्विच करने की व्यवस्था भी परखी जा रही है।
मॉक ट्रेडिंग को दो सत्रों में बांटा गया है। पहले सत्र में प्राइमरी साइट पर कारोबार का अभ्यास किया जा रहा है। इसकी शुरुआत सुबह 8:45 बजे ब्लॉक डील विंडो से हुई। सामान्य और T+0 मार्केट सुबह 9:15 बजे खुले, जबकि पहला सत्र 11:30 बजे बंद होगा।
दूसरे सत्र में कारोबार DR साइट पर होगा। इसके लिए प्री-ओपन सेशन दोपहर 12:15 बजे शुरू होगा और सामान्य बाजार 12:30 बजे से 2:30 बजे तक चलेगा। क्लोजिंग सेशन 2:50 से 3 बजे तक निर्धारित है।
Share Market: मॉक सेशन में होने वाले सौदों की कोई वास्तविक वित्तीय देनदारी नहीं होगी
इस अभ्यास में ब्रोकर्स और ट्रेडिंग सदस्यों के लिए तकनीकी बदलाव भी अहम हैं। NNF यूजर्स को नए एन्क्रिप्शन सिस्टम पर माइग्रेट करना होगा। पुराने इंटरएक्टिव पोर्ट 10827 का मौजूदा एन्क्रिप्शन 7 दिसंबर 2026 से बंद किया जाना है। इसके विकल्प के तौर पर 10831 और 10833 पोर्ट दिए गए हैं।
मॉक सेशन में होने वाले सौदों की कोई वास्तविक वित्तीय देनदारी नहीं होगी। इनके आधार पर फंड का पे-इन या पे-आउट भी नहीं होगा। सदस्यों को वास्तविक कारोबारी दिन से पहले 16 नवंबर के लिए कनेक्टिविटी जांचने हेतु शाम 4 से 4:30 बजे तक लाइव री-लॉगिन करना होगा।
इस पूरी कवायद का उद्देश्य बाजार की तकनीकी विश्वसनीयता बढ़ाना और किसी आपात स्थिति में कारोबार को बाधित होने से बचाना है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









