रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट के एक रेस्टोरेंट में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक ग्राहक ने रेस्टोरेंट के कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून लगा चाकू, आरोपी का मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ खून लगा शर्ट भी बरामद किया है।
इलाज के दौरान कर्मचारी ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 9:40 बजे धुर्वा थाना पुलिस को सूचना मिली कि जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में एक ग्राहक ने स्टाफ के गले पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया।
गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को इलाज के लिए पारस अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय अजय कुमार दास के रूप में हुई है। वह गिरिडीह जिले के तिसरी का रहने वाला था। उसके पिता का नाम विजय कुमार दास बताया गया है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है। वह धुर्वा थाना क्षेत्र के डीटी/210 डायमंड फील्ड का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ खून लगा शर्ट जब्त किया है।
आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में धुर्वा थाना में कांड संख्या 59/25 दर्ज किया गया था।
वर्तमान मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की अनुसंधान कार्रवाई में जुटी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








